पंजाब के फिरोजपुर में रैली को संबोधित करने जा रहे पीएम नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में हुई चूक के मामले पर बीजेपी ने पंजाब की कांग्रेस सरकार को घेरने का प्लान बना लिया है। प्रधानमंत्री की सुरक्षा में सेंध को लेकर भाजपा ने कांग्रेस के खिलाफ लगभग एक सप्ताह की योजना तैयार की है। भाजपा ने 13 सूत्रीय योजना तैयार की है। इसी कड़ी में आज ग्वालियर में बीजेपी ने गांधी प्रतिमा के समाने बैठकर दो घंटे का मौन धरना दिया है। दरअसल बीजेपी के इस 13 सूत्रीय अभियान में प्रधानमंत्री की सुरक्षा के महत्व और राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ इसके संबंध को लेकर देश भर के बुद्धजीवियो और आम जनता द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखना शामिल है। इसी 13 सूत्रीय अभियान के तहत भाजपा नेता महात्मा गांधी और भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं के सामने सांसद, विधायक और पार्टी के वरिष्ठ नेता भी मौन धरना दे रहे है। भाजपा पीएम की सुरक्षा से खिलवाड़ को एक बड़ा मुद्दा बनाकर इसे राष्ट्रीय अभियान का रूप देने की कोशिश में लगी हुई है। इसमें देश के सभी हिस्सों में कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा। इस अभियान को लेकर भाजपा के नेताओं ने कहा कि एक उच्चतम स्तर पर इस अभियान को चलाने के लिए निर्णय लिया गया है। इसमें कांग्रेस को निशाना बनाने और भारत विरोधी ताकतों के खिलाफ 13 बिंदुओं को शामिल किया गया है!